रचोली में सीवरेज लाइन टूटी, खुले में बह रही गंदगी
मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालु, स्कूली बच्चे, राहगीर सब परेशान
दो दिन से लोग झेल रहे हैं परेशानी, आईपीएच पर लगाया आरोप
वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन टूट जाती है लाइन
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर के रचोली में बीते दो दिन से सीवरेज लाइन टूटने से गंदगी खुले में बह रही है। खुले में सीवरेज की गंदगी फैलने से जहां बीमारियां फैलने का अंदेशा बढ़ रहा है, वहीं क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को यहां से आने जाने में खासी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। लोगों ने आईपीएच विभाग से जल्द से जल्द इस समस्या को दूर करने की मांग उठाई है।
रतन नेगी, प्रवीण नेगी, मान दास, शुकांत, हेमलता, कशिश, कुंभदास, देव कुमार, सुदेश, विरेंद्र कुमार और राजकुमार सहित अन्य लोगों ने कहा कि रचोली के पास आईपीएच विभाग की सीवरेज लाइन और चेंबर टूटने से सड़क पर खुले में गंदगी बह रही है। हालांकि ऐसा पहली मर्तबा नहीं है। यहां अकसर सीवरेज लाइन टूटती रहती है और लोगों को भारी परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। विभाग ने चेंबर और सीवरेज लाइन जमीन से काफी ऊपर बिछाई है। इसके चलते सड़क पर वाहनों की आवाजाही के कारण यह बार-बार टूटती रहती है। यहां साथ में देव जाख मंदिर रचोली और स्कूल भी स्थित है। इसके कारण मंदिर आने जाने वाले श्रद्धालुओं और स्कूली बच्चों सहित राहगीरों को खासी दिक्कतें झेलने पड़ रही हैं। क्षेत्र के बाशिंदों ने आईपीएच विभाग से सीवरेज लाइन को दुरूस्त लाइन की उचित व्यवस्था बनाने की मांग उठाई है, जिससे लोगों को पेश आ रही समस्या का निदान हो सके।
एसडीओ आईपीएच रामपुर किशोर शर्मा ने कहा कि रचोली में इस समस्या के बारे में शिकायत मिली है। मौके पर कर्मचारियों को भेजा गया है। जल्द ही समस्या को प्राथमिकता के तौर पर दूर किया जाएगा।