विधायक ने पोशना पंचायत को दिए 50 लाख
कशोली स्कूल में 42 लाख से बने साइंस ब्लॉक का शुभारंभ
कशोली और रंदल स्कूल के मेधावियों को किया सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
जगातखाना (रामपुर बुशहर)। वीरवार को आनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल सागर ने पोशना पंचायत में 50 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। विधायक ने वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कशोली में 42 लाख की लागत से तैयार हुए साइंस ब्लॉक का उद्घाटन किया। विधायक ने कशोली और रंदल स्कूल में आयोजित वार्षिक समारोह के दौरान मेधावियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
वीरवार को विधायक किशोरी लाल सागर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कशोली के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। उन्होंने युवा पीढ़ी से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने रामपुर परियोजना प्रभावित ग्रामीणों को चेक भी बांटे। उन्होंने कहा कि तुनन गांव के लिए शाम की बस सेवा शुरू करने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने खेल मैदान कशोली के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि कशोली स्कूल में परीक्षा भवन के लिए बजट का प्रावधान किया जाएगा। कशोली कैंची से पोशनाधार सड़क को जोड़ा जाएगा। उन्होंने सामुदायिक भवन के लिए 2 लाख रुपये की राशि भी दी। विधायक ने डीमड़ीधार से धार सड़क के लिए जल्द बजट की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा वेटरनरी हॉस्पिटल कशोली के लिए बजट का प्रावधान किया जाएगा। प्राथमिक पाठशाला कशोली में जल्द नए भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी।
उन्होंने कहा कि रामपुर परियोजना प्रभावित पंचायतों को उनका हक दिया जाएगा। क्षेत्र में पेयजल की समस्या का समाधान किया जाएगा। इसके बाद विधायक ने पोशना पंचायत में सड़क, पेयजल और खेल मैदान सहित अन्य विकास कार्यों के लिए 50 लाख देने की घोषणा की। उन्होंने रंदल स्कूल के बेहतरीन परिणाम के लिए स्कूल प्रबंधन को बधाई दी। इस मौके पर एपीएमसी कुल्लू एवं लाहौल स्पीति अध्यक्ष अमर ठाकुर, योगेश भार्गव, सुरेंद्र ठाकुर, सितेंद्र शर्मा, भोलादत्त गुप्ता, प्रताप ठाकुर, वेद ठाकुर, ब्रिज लाल ठाकुर, नेसू राम विमल, श्याम गौतम, दिगंबर ठाकुर और प्रधान उत्तरा देवी सहित अन्य मौजूद रहे।