अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर।
प्रदेश भर के कॉलेजों में रूसा प्रणाली के सेमेस्टर सिस्टम को समाप्त करने, छात्र संघ चुनाव बहाली को लेकर पीजी कॉलेज रामपुर की एबीवीपी इकाई ने प्रधानाचार्य के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इकाई ने प्रदेश भर के कॉलेजों में रिक्त पड़े शिक्षकों के पदों को जल्द भरने की मांग भी उठाई है।
एबीवीपी के इकाई सचिव ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर सूबे के महाविद्यालयों में इकाई के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज कर शिक्षा प्रणाली में सुधार लाने की मांग की है। कॉलेज रामपुर की एबीवीपी इकाई ने सीबीसीएस प्रणाली को पूरी तरह समाप्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि रूसा प्रणाली लागू होने के बाद छात्रों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समय पर परीक्षाओं के परिणाम घोषित नहीं हो पा रहे। प्रदेश विश्वविद्यालय में शिक्षकों और गैर शिक्षकों के खाली पदों को जल्द भरने की मांग उठाई। इसके अलावा इकाई ने प्रदेश के सभी महाविद्यालयों, एनआईटी हमीरपुर में कुलपति और निदेशकों की जल्द नियुक्ति करने की मांग उठाई। इस दौरान इकाई के करीब दर्जनों छात्र छात्राएं मौजूद रहे।