हिमाचल में बिजली महंगी हो गई है। राज्य विद्युत नियामक आयोग ने शनिवार को वित्त वर्ष 2013-14 के लिए टैरिफ जारी कर दिया। सरकारी सब्सिडी के बाद घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली करीब 16 फीसदी महंगी होगी।
यानी प्रति यूनिट 20 से 70 पैसे रेट बढ़ेंगे। नए रेट राज्य के सभी 16 लाख घरेलू उपभोक्ता प्रभावित होंगे। विद्युत नियामक आयोग के कार्यकारी निदेशक एसके जोशी ने बताया कि नई दरें पहली अप्रैल 2013 से लागू होंगी।
उद्योगों, व्यवसायिक उपभोक्ताओं की बिजली दरों में भी इजाफा किया है। उद्योगों के लिए 15 फीसदी और कमर्शियल उपभोक्ताओं को 14 फीसदी ज्यादा बिजली के रेट अदा करने होंगे। महीने में 40 यूनिट तक बिजली इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को ही नए टैरिफ में बढ़ोतरी से दूर रखा है। इन्हें पहले की तरह एक रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली मिलेगी। बिजली कंपनी ने फरवरी में विद्युत नियामक आयोग में याचिका दायर की थी।
आयोग ने बिजली कंपनी के सालाना खर्च को 4609 करोड़ और सालाना आय को 4226.62 करोड़ आंक कर नया टैरिफ मंजूर किया है। सरकार ने पिछले वर्ष के मुकाबले 50 करोड़ ज्यादा सब्सिडी दी, लेकिन यह सब्सिडी प्रतिमाह 40 यूनिट तक बिजली इस्तेमाल करने वाले बिजली उपभोक्ताओं को ही नई दरों से दूर रखने में खप गई।
सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष के बिजली की सब्सिडी के लिए 320 करोड़ का प्रावधान किया है।