हिमाचल प्रदेश विवि नेट और सेट की फ्री कोचिंग देगा। अनुसूचित जाति एवं जनजाति, पिछड़ा वर्ग के छात्रों को यह सुविधा मिलेगी। तीन लाख से कम सालाना आय वाले छात्रों को निशुल्क प्रशिक्षण मिलेगा।
सामान्य छात्रों को भी कोचिंग दी जाएगी। इन छात्रों को चार हजार रुपये शुल्क अदा करना होगा। प्रशिक्षण 16 सितंबर से शुरू होगा। 15 नवंबर तक इसे दिया जाना है।
प्रशिक्षण लेने के लिए फार्म भरने की अंतिम तिथि पांच सितंबर होगी। इच्छुक प्रार्थी फार्म पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र से किसी भी कार्य दिवस पर ले सकते हैं।
अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग से संबंध रखने वाले प्रार्थियों को प्रमाण पत्रों के साथ आय का प्रमाण पत्र उसी क्षेत्र के तहसीलदार की ओर से प्रमाणित हो, जमा करवा देना होगा।
जिनकी वार्षिक आय तीन लाख से कम होगी, उनसे कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए पूरे पाठ्यक्रम के लिए चार हजार रुपये का शुल्क देना होगा।
नेट की परीक्षा के लिए सामान्य वर्ग के छात्रों को 55 और अन्य वर्गों के छात्रों को 50 फीसदी अंक पीजी डिग्री में लेना अनिवार्य है। पहले पीजी कर चुके छात्र तथा छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
चयनित छात्रों की सूची सूचना पट्ट पर 12 सितंबर को लगा दी जाएगी। छात्र कार्यालय के फोन नंबर 2830791 पर पूछताछ कर सकते हैं।