बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के लिए चेतावनी दी है। तीन माह बाद बरसात से पहले जिला में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक होगी। अगर इस दौरान भी लापरवाह अधिकारियों की कार्यशैली में आशातीत सुधार नहीं हुआ तो उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्हें डिमोट कर उनकी एसीआर पर भी प्रभाव पड़ सकता है। जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक में मंत्री ने मंडी कोटली-हमीरपुर राष्ट्रीय उच्च मार्ग का निर्माण धीमा होने पर कंपनी के अधिकारियों को निर्देश गिए। उन्होंने पानी का छिड़काव और मजदूरों की संख्या सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ठाकुर और उपायुक्त अपूर्व देवगन ने भी कंपनी को कार्य तेजी से करने के निर्देश दिए। मंडी जिला कांग्रेस अध्यक्षा चंपा ठाकुर ने कहा कि अधिकारी फोन नहीं उठाते और कई जगह पाइप क्षतिग्रस्त हैं, जिससे घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा। धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ठाकुर ने कहा कि आपदा के बाद अधिकारी कार्य करने में असफल हैं। उन्होंने लेटलतीफी और उपमंडल स्तर पर हाउस को गुमराह करने की बात कही।