नाना का शिमला प्रवास फिल्म की शूटिंग से कहीं ज्यादा यादगार बन गया
नाना पाटेकर का शिमला प्रवास फिल्म की शूटिंग से कहीं ज्यादा यादगार बन गया था। वनवास की शूटिंग के लिए मालरोड, रिज मैदान, मशोबरा, कुफरी और नालदेहरा समेत कई स्थानों को चुना गया था। मालरोड पर शूटिंग के दौरान उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। फिल्म में नाना पाटेकर ने पिता की भूमिका निभाई थी और उत्कर्ष शर्मा उनके बेटे के किरदार में थे। शूटिंग के लिए बर्फ की जरूरत थी और शुरुआत में कृत्रिम बर्फ का सहारा लिया गया था। फिर मौसम ने करवट ली और प्राकृतिक बर्फबारी शुरू हो गई। शिमला में बर्फ गिरती देख नाना पाटेकर बेहद खुश हुए। शूटिंग के दौरान उन्होंने हाथों में बर्फ उठाई और ईश्वर का धन्यवाद किया। आइस स्केटिंग रिंक में भी फिल्म के दृश्य फिल्माए गए थे। ्
शिमला की वादियों को बहुत पसंद करते थे नाना पाटेकर : संजय सूद
भारतीय सिनेमा और रंगमंच के विलक्षण अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर रंगकर्मी एवं फिल्म अभिनेता संजय सूद ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इन्होंने कहा कि वनवास फिल्म में नाना पाटेकर के साथ उन्होंने काम किया है। कहा कि शूटिंग के दौरान नाना से बात करने का मौका मिला तो उन्होंने शिमला की वादियों की खूब तारीफ की, वहीं कहा था कि शिमला में बहुत घर बन गए हैं और भीड़ भी बढ़ गई है। संजय ने कहा कि उनकी आवाज, चेहरे के भाव, आंखों की भाषा, संवादों के बीच का मौन और शरीर की सूक्ष्म मुद्राएं उनके अभिनय को विशिष्ट बनाती थीं। वे जिस चरित्र को निभाते थे, उसमें पूरी तरह उतर जाते थे।