सुंदरनगर में चिट्टे के खिलाफ जागरूकता रैली निकालते युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता।
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल में चिट्टा से हो रही मौतों के बाद शनिवार को युवा कांग्रेस ने सुंदरनगर से जागरूकता रैली निकाली। जिला मंडी युवा कांग्रेस अध्यक्ष निखिल ठाकुर के नेतृत्व में सुंदरनगर बस अड्डा से भोजपुर बाजार होते हुए महाराणा प्रताप चौक तक रैली निकालकर जागरूकता फैलाई।
युकां जिलाध्यक्ष निखिल ठाकुर ने बताया कि पिछले कुछ महीने से चिट्टा की ओवरडोज से अभी तक 24 से ज्यादा युवाओं की मौत हो चुकी है। हर महीने दो से तीन युवाओं की जान जा रही है। सबसे ज्यादा स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी गिरफ्त में आ रहे हैं। कई घर बर्बाद हो रहे हैं। निखिल ने जनता से सहयोग की मांग की और कहा कि सभी माता पिता अपने बच्चों पर नजर रखें कि वह क्या कर रहे हैं।
कहा कि चिट्टा से लड़ने के लिए सभी के सहयोग की जरूरत है और सभी लोगों को साथ मिलकर इससे लड़ना होगा। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस जागरूकता अभियान हर विधानसभा में चलाएगी। पंचायत स्तर पर लोगों को जागरूक करेगी। उन्होंने कहा कि कई युवा साथी ऐसे हैं जो नशा छोड़ना चाहते हैं और किसी से बता नहीं सकते हैं, वह युवा कांग्रेस जिला मंडी से संपर्क करें। इस मौके पर प्रदेश युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष तरुण ठाकुर, प्रदेश महासचिव साहिल ठाकुर, सुंदर नगर विधानसभा अध्यक्ष हितेश शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे। संवाद