बालीचौकी बाजार की घटना, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
सवाद न्यूज एजेंसी
बालीचौकी (मंडी)। बालीचौकी बाजार में एक ढाबे में काम करने वाला युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार रात 10 बजे की है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। 20 वर्षीय युवक दुर्गा सिंह बालीचौकी के जीरो प्वाइंट में एक निजी ढाबे में काम करता था।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात सभी काम निपटाने के बाद ढाबे में काम करने वाले कामगार खाना खाने की तैयारी कर रहे थे। खाने को टेबल पर थालियों में परोस दिया था। सभी युवक दुर्गा सिंह के आने का इंतजार कर रहे थे कि अचानक अंदर से चिल्लाने की आवाज आई। इस पर युवकों ने अंदर जाकर देखा तो युवक फ्रिज से चिपक गया था। इससे पहले कि वे उसे बचाने के लिए सोच पाते, उसकी उनकी आंखों के सामने मौत हो गई। मृतक की पहचान गाड़ागुसैणी के तहत आती पंचायत थाचाधार के गांव सज्वाण के दुर्गा सिंह (20) पुत्र ठापे राम के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि फ्रिज के पास पहले भी करंट लगता था, लेकिन कर्मचारी उस पर ज्यादा ध्यान नहीं देते थे। यही लापरवाही शुक्रवार को भारी पड़ी और युवक की करंट से मौत हो गई। इससे पहले मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अन्य युवकों के साथ ढाबा संचालक के बयान भी दर्ज किए। बेटे की मौत के बाद परिजन भी घटना स्थल पर पहुंचे और ढाबा मालिक के साथ खूब विवाद हुआ। बाद में पुलिस ने मृतक के परिजनों को समझाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। औट पुलिस थाना के एसएचओ रजत राणा ने कहा कि मामले में जांच जारी है।