भागते हुए आरोपी ने दो-तीन सीरिंज तोड़कर फेंकी, चेतावनी देकर छोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जोनल अस्पताल मंडी में सोमवार को सुरक्षा कर्मी ने एक युवक को इंसुलिन की 8 से 10 सीरिंज चोरी करते दबोचा है। बाद में उसे अस्पताल में तैनात पुलिस कर्मचारियों के सुपुर्द किया गया। जिन्होंने युवक को चेतावनी देकर छोड़ दिया।
सोमवार दोपहर बाद करीब 4:15 बजे जब आपातकाल ओपीडी में गंभीर रूप से घायल एक मरीज को उपचार के लिए लाया गया। इसी दौरान युवक ने ओपीडी में घुसकर वहां रखी इंसुलिन की 8-10 सीरिंज उठा लीं। इस दौरान ओपीडी में मरीज के साथ तैनात सुरक्षा कर्मी की नजर पड़ते ही युवक ने भागने की कोशिश की।
इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षा कर्मी ने उसे अस्पताल परिसर में ही धर दबोचा। हालांकि युवक के साथ अन्य दाे लोगों के होने की आशंका है। सुरक्षा कर्मी भूमे राम ने बताया कि भागते हुए युवक ने 2-3 सिरिंज को तोड़ कर फेंक दिया है। उधर, अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. धर्म सिंह वर्मा ने बताया कि सुरक्षा कर्मी मुस्तैद रहते हैं। हर तरह की गतिविधियों पर पूरी नजर है।