कंपनी के साथ करार हुआ पूरा, नए करार तक मरम्मत न होने की आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
करसोग (मंडी)। नागरिक अस्पताल करसोग में एक्सरे मशीन एक बार फिर से खराब हो गई हे। इससे मरीजों को टेस्ट सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। एक्सरे मशीन की मरम्मत करवाने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने हाथ खड़े कर दिए हैं। मशीन की मरम्मत करने वाली कंपनी के साथ अस्पताल प्रबंधन का करार पूरा होने के चलते अब इसे ठीक करवाने में परेशानी आ रही है। ऐसे में अब कंपनी के साथ नया करार होने तक लोगों को एक्सरे सुविधा नहीं मिल पाएगी।
अस्पताल में स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए पहुंच रहे लोगों को मजबूरन निजी लैबों में ही अधिक रुपये देकर टेस्ट सुविधा लेनी पड़ रही है। एक्सरे मशीन की समस्या को अस्पताल प्रशासन गंभीरता से नहीं ले रहा है। अब लोगों को नए करार का इंतजार करना पड़ेगा। इसके बाद ही मशीन ठीक हो पाएगी। करीब एक साल से नागरिक अस्पताल करसोग में अल्ट्रासाउंड विशेषज्ञ न होने से मरीजों को अल्ट्रासाउंड सुविधा से भी महरूम होना पड़ रहा है। सुविधा लेने के लिए मरीजों को शिमला-मंडी के अस्पतालों में जाना पड़ रहा है। नागरिक अस्पताल करसोग में मेडिसिन और हड्डी रोग विशेषज्ञ, सर्जन की तैनाती तो है, लेकिन अस्पताल में अल्ट्रासाउंड और एक्सरे सुविधा न होने से मरीजों को बेहतर उपचार नहीं मिल पा रहा है। इस कारण मरीजों को शिमला, मंडी का ही रुख करना पड़ रहा है। बता दें कि करसोग अस्पताल में रोजाना 700 ओपीडी रहती है। रोजाना औसतन 50 एक्स रे होते हैं, लेकिन अब मरीजों का मर्ज बढ़ गया है।
कार्यकारी खंड चकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप कवर का कहना है कि अस्पताल की तरफ से एक्सरे मशीन खराब होने को लेकर उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। पुरानी कंपनी के साथ करार पूरा होने के चलते समस्या उत्पन्न हुई है।