मरीजों को निजी लैब में महंगे दाम में करवाना पड़ रहा टेस्ट
दूरदराज क्षेत्रों से इलाज के लिए आने वाले मरीजों की बढ़ गई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
डैहर (मंडी)। सुंदरनगर के नागरिक अस्पताल में एक्स-रे सुविधा ठप होने से मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में एक्स-रे सेवा उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को निजी लैब का रुख करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें अतिरिक्त खर्च और समय की दिक्कत झेलनी पड़ रही है। दूरदराज क्षेत्रों से इलाज के लिए आने वाले मरीजों को भी एक्स-रे के लिए अस्पताल से बाहर भेजा जा रहा है, जिससे विशेषकर गरीब और जरूरतमंद लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। मरीजों और उनके परिजनों ने इस स्थिति पर रोष व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि एक ओर सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में रोबोटिक सर्जरी जैसी आधुनिक सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं जमीनी स्तर पर बुनियादी सुविधाएं तक ठीक से उपलब्ध नहीं हैं। बोबर क्षेत्र से अपने बेटे का इलाज करवाने आई राजेश्वरी देवी ने बताया कि डॉक्टर ने एक्स-रे कराने की सलाह दी थी, लेकिन अस्पताल में सुविधा न होने के कारण उन्हें निजी लैब जाना पड़ा। वहां भी मशीन खराब होने की बात कहकर उन्हें वापस लौटा दिया गया और बाहर से एक्स-रे करवाने को कहा गया।
इसी तरह कर्म चंद ने बताया कि उनके मरीज का भी अस्पताल में एक्स-रे नहीं हो सका और मशीन खराब होने का हवाला देकर उन्हें वापस भेज दिया गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल में जल्द से जल्द एक्स-रे मशीन को ठीक करवाया जाए या वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि मरीजों को समय पर उचित इलाज मिल सके।
उधर, सुंदरनगर नागरिक अस्पताल के प्रभारी डॉ. चमन सिंह ने बताया कि लैब को सौंपी गई एक्स-रे मशीन में तकनीकी खराबी आ गई है। लैब को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। लैब प्रबंधन की ओर से मशीन की मरम्मत के प्रयास किए जा रहे हैं।