जोगिंद्रनगर में भजन संध्या
प्राचीन शिव मंदिर में देर रात तक चला कार्यक्रम, सैकड़ों लोगों ने नवाया शीश
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर के सदियों पुराने प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित भजन संध्या में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। बुधवार रात आयोजित कार्यक्रम देर रात करीब 12 बजे तक चला, जिसमें भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे।
हिमाचल की भजन गायिका जोनी ठाकुर ने अपनी सुरीली आवाज से माहौल भक्तिमय बना दिया। उन्होंने ऐसा डमरू बजाया भोलेनाथ ने भजन प्रस्तुत किया, जिस पर उपस्थित लोग भावविभोर होकर नाचने लगे। इसके अलावा मां की हर बात निराली है, मेरा भोला है भंडारी, ओ मां शेरावाली, ना रोल माईये सहित बाबा बालक नाथ और चौहार घाटी के आराध्य देवी-देवताओं पर आधारित भजन भी गाए।
कार्यक्रम की शुरुआत मां की आरती और ज्योति प्रज्ज्वलन से हुई। आयोजन हारगुनेण पंचायत के प्राचीन शिव मंदिर में किया गया। आयोजकों नित्यानंद अवस्थी और शिवांश ने बताया कि क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भजन संध्या में भाग लेकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। कांग्रेस नेता जीवन ठाकुर सहित कई गण्यमान्य लोग भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।