सुंदरनगर(मंडी)। पुलिस थाना सुंदरनगर के तहत धार गांव में सास-ससुर के घर आई महिला के साथ एक अन्य महिला की ओर से गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार सुमना देवी (34) पत्नी इंद्र पाल निवासी गांव धार डाकघर नालग ने शिकायत में कहा है कि वह अपने परिवार के साथ धार गांव में रहती है। मंगलवार सुबह अपने घर से थोड़ी दूर स्थित सास-ससुर से मिलने पैतृक घर गई थी। जब वह सास-ससुर से बात कर रही थी तो इसी दौरान लता देवी पत्नी कृष्ण लाल निवासी धार वहां पर आई और बिना वजह गाली-गलौज करने लगी, जिसका उसने विरोध किया।
सुमना देवी ने कहा कि इसके बाद जब वह अपने घर वापस जाने लगी तो लता देवी ने उसका रास्ता रोक लिया और कपड़े धोने वाली फलटी के साथ मारपीट की। डीएसपी भारत भूषण ने कहा पीड़ित की शिकायत पर आरोपी महिला के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।