थुनाग (मंडी)। प्रदेश में शराबबंदी लागू करने वाली प्रथम पंचायत लंबाथाच में पंचायत के निर्णय को धरातल में लागू किया जा रहा है। पंचायत के गांव पोस्टरों से अट गए हैं। हर जगह पंचायत के फैसले का प्रचार पोस्टरों के माध्यम से किया जा रहा है। शादी समारोह वाले घरों में पंचायत प्रतिनिधि व महिला मंडल के सदस्य दस्तक देकर शराबबंदी के लिए लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
पंचायत प्रतिनिधि शादी समारोह वाले घरों में बाकायदा पोस्टर लगाकर शराब के खिलाफ लोगों को जागरूक कर रहे हैं। लंबाथाच पंचायत मे 23 जनवरी को शराबबंदी का फैसला लिया गया था। पंचायत के इस फैसले को धरातल पर लागू किया जा रहा है। सुनाह पंचायत के लेह गांव में सुंदर सिंह पुत्र नरगू राम के घर में हाल ही में शादी समारोह हुआ। यहां शादी से एक दिन पहले पंचायत प्रधान व लेह महिला मंडल के प्रधान तथा सदस्यों ने दूल्हे के घर पर पहुंच कर परिवार के साथ बैठक की। बैठक में शादी में शराब न परोसने को लेकर निर्णय हुआ। जिसका दूल्हे के परिवार ने पूर्ण समर्थन किया।
पंचायत प्रधान चमन लाल ने कहा कि शराबबंदी को लेकर लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। घर के मुखिया नरगू राम व दुल्हा सुंदर सिंह का कहना है कि उनके परिवार में बिना शराब के यह पहली शादी हुई है। शराबबंदी से उन्हें शराब परोसने के हजारों रुपये के खर्च से राहत मिली है। शराबबंदी के बाद किसी भी मेहमान ने शराब परोसने तक की बात नहीं कही।