सुंदरनगर (मंडी)। सिविल अस्पताल डैहर में प्रशासन को सूचना दिए बगैर रात्रि सेवाएं बंद करने पर मुख्य चिकित्साधिकारी और खंड चिकित्साधिकारी रोहांडा ने कड़ा संज्ञान लिया है। खंड चिकित्साधिकारी रोहांडा ने चिकित्सकों सहित सिविल अस्पताल डैहर की मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज डॉ. पूजा ठाकुर को भी रात के समय ड्यूटी करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
सिविल अस्पताल डैहर में चार चिकित्सक होने के बावजूद रात्रि में मनमर्जी से ड्यूटी दी जा रही है। दिन में कई बार एक चिकित्सक की जगह चार-चार चिकित्सक ड्यूटी पर पहुंच रहे हैंं। अस्पताल में हर महीने दिन और रात की ड्यूटी का रोस्टर तैयार किया जाता है। एक प्रति नोटिस बोर्ड पर भी चस्पां की जाती है। बावजूद चिकित्सकों की ओर से एमओ इंचार्ज की ओर से तैयार मासिक ड्यूटी रोस्टर के आदेशों को दरकिनार किया जा रहा है। इसका खामियाजा स्थानीय जनता और अस्पताल में भर्ती मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
सिविल अस्पताल डैहर की मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज डॉ. पूजा ठाकुर ने बताया कि उन्हें बीएमओ रोहांडा की ओर से नाइट ड्यूटी करने के आदेश जारी किए गए हैं। जिसको लेकर वह रात्रि ड्यूटी करने को तैयार हैं। उन्होंने बीएमओ से क्षेत्र के अन्य पीएचसी के स्वास्थ्य अधिकारियों की भी रात्रि ड्यूटी में सेवाएं लेने का निवेदन किया है ताकि स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से चल सकें।
सिविल अस्पताल डैहर में चिकित्सकों की ओर से रात्रि ड्यूटी न करने को लेकर उन्होंने अस्पताल इंचार्ज डॉ. पूजा को नाइट ड्यूटी करने के लिखित आदेश जारी किए हैं ताकि अस्पताल में दिन और रात दोनों शिफ्टों में लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें।
-डॉ. अनूप, खंड चिकित्सा अधिकारी रोहांडा