धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के कोठी पत्तन में किश्ती से नदी पार करने सफर खत्म होने जा रहा है। इसी साल कोठी पत्तन में 20 करोड़ की लागत से पुल बनकर तैयार हो जाएगा। पुल का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। अब रेलिंग, पेंट और पुल के दोनों छोरों पर सड़क की टारिंग का कार्य शेष है। यह कार्य दिसंबर 2024 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद पुल को जनता को समर्पित होगा।
यह पुल धर्मपुर और जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र को आपस में जोड़ेगा, जिससे लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा। इसके साथ ही अगर किसी व्यक्ति को धर्मपुर से बैजनाथ, पपरोला, पालमपुर, धर्मशाला, टांडा मेडिकल काॅलेज, पठानकोट, चंबा, जम्मू-कश्मीर और भरमौर की तरफ जाना हो या वहां से धर्मपुर, सरकाघाट, हमीरपुर, घुमारवीं, शिमला, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब की तरफ आना हो तो करीब 20 से अधिक किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी। इससे पैसे और समय की बचत होगी।
बरसात में कोठी पत्तन व पत्तन बलेसर से नदी पार करना जान जोखिम में डालने जैसा रहता था, लेकिन अब पुल बनने से वाहनों से आवाजाही संभव होगी। वर्तमान में धर्मपुर से घूमकर लोगों को बहरी और सिद्धपुर पहुंचना पड़ता है। मगर पुल पर यातायात शुरू होने से कोठी से यह सफर चंद मिनटों का रह जाएगा।
पुल का शेष कार्य जल्दी पूरा करने के लिए ठेकेदार को आदेश जारी कर दिए हैं। दिसंबर तक पुल के कार्य को पूरा करने का लक्ष्य है। कार्य पूरा होते ही पुल को सरकार के माध्यम से जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
-प्रमोद कश्यप, अधीक्षण अभियंता, पीडब्ल्यूडी धर्मपुर सर्किल