अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि मेला के दौरान देवी देवताओं के बैठने के लिए मैदान का जायजा लेते सर्व
मंडी। अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव में देवी-देवताओं को अब पड्डल स्टेडियम की संकरी सीढि़यों पर विराजमान नहीं होना पड़ेगा। वल्लभ महाविद्यालय कैंपस के साथ सटे पड्डल मैदान की ओर सीढि़यों की चौड़ाई करीब डेढ़ फीट बढ़ा दी है। इससे देवी-देवताओं को विराजमान करने में कारदारों और पुजारी वर्ग को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। यही नहीं इस स्थान पर कतारबद्ध बैठने वाले देवी-देवताओं के दर्शन करने पहुंचने वाले लोगों को भी किसी तरह की असुविधा नहीं होगी।
सर्व देवता सेवा समिति के अध्यक्ष शिवपाल शर्मा की अगुवाई में रविवार को पड्डल में देवी-देवताओं के बैठने वाले स्थल का जायजा लिया। इस दौरान देव समाज से जुड़े अन्य लोग और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
समिति के अध्यक्ष ने बताया कि वल्लभ महाविद्यालय परिसर में ही देवी-देवता महाशिवरात्रि महोत्सव के दौरान विराजमान होते थे। कुछ समय पहले महाविद्यालय परिसर में भवन निर्माण होने से देवी-देवताओं के बैठने वाला स्थान सिकुड़ गया। जिला प्रशासन से समिति ने आग्रह किया था कि सीढि़यों की चौड़ाई बढ़ाई जाए। अब सीढि़यों को डेढ़ फीट तक चौड़ा किया गया है।
...
इस साल स्टेडियम के एक ओर की सीढि़यों का दायरा बढ़ाया गया है। अगले साल स्टेडियम के दूसरी ओर पेवेलियन तक के दायरे में सीढि़यों का आकार बढ़ाया जाएगा। इससे कि देवी-देवताओं को महाशिवरात्रि के दौरान वहां पर विराजमान करने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
-शिवपाल शर्मा, अध्यक्ष सर्व देवता सेवा समिति