एसडीएम के माध्यम सरकार को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बालीचौकी (मंडी)। जल शक्ति विभाग में कर्मचारी जल रक्षक संघ बालीचौकी ने एसडीएम बालीचौकी वचित्र सिंह के माध्यम प्रदेश सरकार को ज्ञापन सौंपा। संघ ने जलरक्षकों की अनुबंध अवधि को 12 वर्ष से घटाकर 8 वर्ष करने की मांग की। संघ ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्गम व कठिन परिस्थितियों के बावजूद जलरक्षक दिन-रात निष्ठापूर्वक जनता तक शुद्ध पेयजल पहुंचाते हैं। इसके बावजूद 12 वर्ष की लंबी अनुबंध अवधि इन कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए आर्थिक और मानसिक रूप से पीड़ादायक साबित हो रही है।
प्रमुख अभियंता मोहर सिंह की अगुवाई में संघ ने मांग की है कि अन्य विभागों की तर्ज पर जलरक्षकों की अनुबंध सेवा अवधि को तत्काल 12 से घटाकर 8 वर्ष किया जाए और इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाए। प्रतिनिधियों ने कहा कि न्यूनतम मानदेय पर काम कर रहे इन कर्मचारियों के कड़े संघर्ष और मेहनत को देखते हुए यह उनका न्यायसंगत अधिकार है।
संघ ने उम्मीद जताई कि कि प्रदेश सरकार इस मुदे पर तुरंत संज्ञान लेकर जलरक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करेगी। बताया कि प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई के लिए एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन की प्रतियां मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री तथा मुख्य सचिव को प्रेषित कर दी गई हैं।