मंडी में ऑटो चालक हुए एकजुट, 400 ऑटो न चलाने का अल्टीमेटम
ठप हो सकती है शहर की रफ्तार, एसडीएम चंद्र प्रकाश को ज्ञापन सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जोनल अस्पताल मंडी के मुख्य गेट के पास पुरानी ऑटो पार्किंग व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर शुक्रवार को मंडी शहर ऑटो रिक्शा ऑपरेटर यूनियन ने एसडीएम मंडी चंद्र प्रकाश को ज्ञापन सौंपा। चालकों का आरोप है कि अस्पताल गेट के पास ऑटो खड़े करने पर रोक से उनका रोजगार प्रभावित हो रहा है और मरीजों व आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
यूनियन के महासचिव एचएस कौंडल ने बताया कि अस्पताल गेट के पास दो ऑटो खड़े करने का स्थान लंबे समय से निर्धारित था। उन्होंने कहा कि यह मांग चालकों के हित से अधिक मरीजों की सुविधा के लिए है। ऑपरेशन के बाद मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए दूर जाकर ऑटो लेना मुश्किल होता है।
यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पूर्व व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो शहर के करीब 400 ऑटो चालक हड़ताल पर जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। यूनियन ने एसडीएम से अस्पताल गेट पर दो ऑटो खड़े करने की अनुमति देने के निर्देश जारी करने की मांग की है।