महापाैर बोले- इंदिरा मार्केट के सौंदर्यीकरण को लेकर निगम गंभीर, दुकानदार करें सहयोग
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। मंडी का दिल कही जाने वाली इंदिरा मार्केट के सौंदर्यीकरण को लेकर जहां नगर निगम गंभीर है। वहीं, कुछ दुकानदार दुकानों के बाहर सामान सजाने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे में इन दुकानदारों से निपटने के लिए निगम कड़ी कार्रवाई करेगा। निगम का मानना है कि सौंदर्य के हिसाब से प्रदेश की एकमात्र इंदिरा मार्केट को निहारने के लिए प्रदेश ही नहीं बाहरी राज्यों के लोग भी आते हैं। ऐसे में कई दुकानदारों की ओर से सामान दुकान के बाहर सजाने से लोगों को चलने फिरने में परेशानी आती है।
सोमवार को महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा ने दुकानदारों से आह्वान किया कि वे दुकानों के बाहर सामान न सजाएं और गंदगी पर ध्यान दें। सभी के सहयोग से ही मार्केट के सौंदर्य को चार चांद लगाए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि मार्केट में पानी की निकासी का बड़ा मुद्दा है। इसे लेकर भी निगम की ओर से योजना बनाई जा रही है। बता दें कि नगर निगम की ओर से इंदिरा मार्केट में दुकानों के बाहर येलो लाइन लगाई गई है। बावजूद इसके कई दुकानदार दुकानों के बाहर सामान सजा रहे हैं।
बॉक्स
बच्चों के लिए झूले और बड़ों के लिए ओपन जिम की सुविधा
इंदिरा मार्केट में बच्चों और अन्य लोगों को लुभाने पर भी निगम जोर दे रहा है। बच्चों के खेलने के लिए शंकन गार्डन में झूले लगाए गए हैं, जबकि अन्य लोगों के लिए ओपन जिम की सुविधा दी गई है। 35 लाख से बने झूले और ओपन जिम को जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा। इसके अलावा मार्केट का सौंदर्य बढ़ाने के लिए एलईडी और पेड़ों पर भी लाइटें लगाई जाएंगी। इससे पहले घंटाघर के नीचे बुक कैफे की सुविधा भी दी गई है। हालांकि बुक कैफे में कॉफी की सुविधा अभी तक नागरिकों को नहीं मिल पाई है। महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा ने बताया कि झूले और ओपन जिम जल्द जनता को समर्पित किया जाएगा।