पुलिस, सेना से सेवानिवृत्त कर्मियों और युवाओं को टीमों में जोड़ा जाएगा
मंडी। पिछली बरसात से सबक लेते हुए नगर निगम मंडी इस बार सभी वार्डों में आपदा टीमें गठित करेगा। वार्डों में पुलिस, सेना, दमकल आदि विभागों से सेवानिवृत्त हुए नागरिकों और युवाओं को टीमों में जोड़ा जाएगा। इन्हें आपदा की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए टीमों के पास टार्च, रस्सी समेत जरूरी उपकरण मुहैया करवाए जाएंगे। इसके अलावा निगम अपने स्तर पर भी आपदा को लेकर टीम गठित करेगा ताकि राहत बचाव कार्यों में देरी न हो सके। साथ ही आगामी बरसात से निपटने को लेकर लोगों के सुझाव भी लिए जाएंगे। इससे पहले नगर निगम ने वार्डों में नालियों की सफाई आदि का काम शुरू कर दिया है। आपदा की दृष्टि से सन्याहरढ़ संवेदनशील वार्ड है। इसके अलावा ब्यास नदी के जलमग्न होने पर पुरानी मंडी, खलियार समेत कई जगह जलभराव की घटनाएं पेश आती हैं। ऐसी स्थिति में इस बार निगम ने एडवांस में राहत कार्य और योजना बनानी शुरू कर दी है। महापौर वीरेंद्र भट्ट ने बताया कि इस बार आगामी बरसात को देखते हुए वार्डों में आपदा टीमें गठित की जाएंगी ताकि आपातकालीन में राहत बचाव कार्यों में तेजी लाई जा सके। संवाद