मंडी। लोकसभा चुनाव के लिए सातवें चरण के मतदान प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। बीते शनिवार को हुए मतदान के बाद अब आंकड़े भी सामने आ गए हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र में 73.12 फीसदी और मंडी जिले में 73 प्रतिशत मतदान हुआ है। संसदीय क्षेत्र में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के गृह विधानसभा क्षेत्र सिराज में सबसे अधिक 79.22 प्रतिशत मतदान हुआ है। जनजातीय क्षेत्र विस क्षेत्र भरमौर में सबसे कम 63.14 फीसदी मतदान हुआ।
मंडी जिले की बात करें तो सबसे कम 63.95 प्रतिशत मतदान हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में आने वाले धर्मपुर हलके में हुआ है। कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह के गृह विस क्षेत्र रामपुर में 74.03 फीसदी और भाजपा प्रत्याशी कंगना रणौत के गृह विस क्षेत्र सरकाघाट में 67.58 फीसदी लोगों ने मतदान किया।
प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी के गृह हलके किन्नौर में 71.44 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। इसी तरह सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर के गृह विस क्षेेत्र कुल्लू में 72.04 प्रतिशत मतदान हुआ है।
बता दें कि मंडी संसदीय क्षेत्र में ईवीएम से मतदान के लिए कुल 13,64,060 मतदाता योग्य थे। इनमें से 9,97,373 ने मतदान किया है। इनमें 5,03,250 महिलाएं और 4,94,120 पुरुष शामिल हैं। इसके अलावा 11,137 मतदाताओं ने मत पत्र से मतदान किया है।
मंडी जिला में ईवीएम के जरिये कुल 8,68,108 लोगों ने मतदान करना था, लेकिन 6,33,736 लोगों ने ही मतदान किया। इनमें 3,04,839 पुरुष और 3,28,895 महिला मतदाता शामिल हैं। मंडी जिले और संसदीय क्षेत्र में 2019 के आम लोकसभा चुनाव में हुई मतदान के आसपास ही इस बार भी मतदान प्रतिशत रहा है। 2019 में लोस चुनाव में 73.60 प्रतिशत मतदान हुआ था।
उधर, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई है। कहीं से बायकाट की सूचना नहीं मिली है। मतदाताओं ने लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है।
सभी हलकों में 60 फीसदी अधिक हुआ मतदान
मंडी जिला के सभी 10 विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशतता 60 प्रतिशत से अधिक रही। धर्मपुर, सरकाघाट और जोगिंद्रनगर को छोड़कर अन्य सात हलकों में मतदान प्रतिशतता 70 फीसदी से अधिक रही। सुंदरनगर, नाचन, सिराज, बल्ह विस क्षेत्र में 75 फीसदी से अधिक मतदान दर्ज किया गया है।