सुंदरनगर में एनएसएस के राज्यस्तरीय आयोजन के समापन पर नाटी डालती स्वयमसेवी छात्राएं। स्त्रोत :आय
सुंदरनगर (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल पाठशाला सुंदरनगर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के राज्य स्तरीय युवा नेतृत्व शिविर का शनिवार को समापन हो गया। समारोह की अध्यक्षता जिला मंडी के उपनिदेशक स्कूली शिक्षा सेकेंडरी यशवीर धीमान ने की। स्वयंसेवियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसमें पहाड़ी गीत और कुल्लवी नाटी मुख्य आकर्षण रहीं। जिला मंडी की राष्ट्रीय सेवा योजना की समन्वयक ललिता कुमारी ने शिविर की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
ललिता कुमारी ने बताया कि राष्ट्रीय युवा नेतृत्व शिविर में मंडी, कुल्लू, लाहौल स्पीति जिलों के 200 विद्यालयों के तकरीबन 400 विद्यार्थियों ने भाग लिया। पांच दिनों तक कड़ी चयन प्रक्रिया से गुजरते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ 58 स्वयंसेवियों को प्री आरडी कैंप के लिए चयनित किया गया। इसमें 29 छात्र स्वयंसेवी और 29 छात्रा स्वयंसेवी शामिल हैं।
चयनित स्वयंसेवी दिसंबर के अंत में आयोजित हो रहे प्री आरडी कैंप में भाग लेकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा को दिखाएंगे। मुख्य अतिथि ने युवा स्वयंसेवियों को नशे से दूर रहने व राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि ने मेडल पहनाकर के स्वयंसेवियों को सम्मानित किया। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य लेखराम भारद्वाज, आब्जर्वर के रूप में प्रधानाचार्य मलोह कमल सिंह और प्रधानाचार्य राजगढ़ डाॅ. अभिलाषा सेन, एडीपीओ मंडी सुखदेव ठाकुर आदि मौजूद रहे। संवाद