सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल की ग्राम पंचायत धन्यारा के समौल गांव में भालुओं के आतंक से ग्रामीण सहम गए हैं। अब लोग अकेले घर से बाहर निकलने और रोजमर्रा के कार्यों के लिए आने जाने से कतराने लगे हैं। स्थानीय निवासी दिनेश कुमार, रोशन लाल, हेतराम, निर्मला, विमला, नरपति देवी, घनश्याम आदि ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गांव में भालू देखे जा रहे हैं। दिन दहाड़े रिहायशी इलाके में घूम रहे भालुओं से ग्रामीण सहमे हुए हैं।
ग्रामीणों को खेतों, घासनियों, पशु चराने सहित रोजमर्रा के कार्यों को निपटाना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि भालुओं के खौफ से बच्चों को स्कूल भेजने से भी डर लगने लगा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालुओं को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगाने की मांग की है। डीएफओ राकेश कटोच ने कहा कि समौल गांव में भालुओं की सक्रियता के बारे में विभाग के पास ग्रामीणों की शिकायत मिली है। इस बारे संबंधित बीट से रिपोर्ट तलब की जाएगी। आवश्यक हुआ तो गांव में पिंजरा लगाया जाएगा। संवाद