धाड़ता क्षेत्र में बीडीओ कार्यालय खोलने की मांग को लेकर एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन भेजते लोग। -
धर्मपुर (मंडी)। धाड़ता, टिहरा और चोलथरा समेत डेढ़ दर्जन पंचायतों के ग्रामीण धाड़ता क्षेत्र में विकास खंड अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय खोलने के लिए लामबंद हो गए हैं। धाड़ता क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता रमेश चंद भारद्वाज के नेतृत्व में 200 से ज्यादा लोगों ने हस्ताक्षर करके एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल के माध्यम से मुख्यमंत्री, राज्यपाल और प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेज बीडीओ कार्यालय खोलने की मांग की है।
ग्रयोह पंचायत के प्रधान बक्शी राम, चोलथरा के मेहर चंद के अलावा वेटरन इंडिया हिमाचल के अध्यक्ष कैप्टन रमेश तपवाल, वरिष्ठ कल्याण परिषद चोलथरा के चेयरमैन बिहारी लाल, प्रवीन वर्मा, सुरेंद्र कुमार, सेवानिवृत्त शिक्षक कश्मीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, विनोद तलवार, हिमाचली देवी, रणजीत सिंह, कैप्टन अनिल कुमार व राकेश कुमार आदि ने बताया कि पिछले कई वर्षों से धाड़ता क्षेत्र के लोगों को विकास खंड संबंधी कार्यों के लिए 22 किलोमीटर दूर धर्मपुर जाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि धर्मपुर जाने के लिए क्षेत्र से उचित बस सेवाएं भी नहीं हैं। ऐसे में ग्रामीणों का बहुत सा समय बर्बाद होता है और परेशानी भी झेलनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए क्षेत्र में जल्द से जल्द बीडीओ कार्यालय खोला जाए।