लोट पंचायत के लोग विधायक नाचन विनोद कुमार को मांग पत्र सौंपते ग्रामीण।
गोहर (मंडी)। मंडी-लोट रूट को एचआरटीसी के बजाय निजी ऑपरेटर को देने पर ग्रामीण बिफर गए हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने चच्योट मंडल अध्यक्ष हुकम ठाकुर के नेतृत्व में नाचन के विधायक विनोद कुमार से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा।
लोट पंचायत ने ग्राम सभा में प्रस्ताव पास कर एचआरटीसी बस को बंद करने और यहां निजी रूट जारी करने पर असहमति व्यक्त की। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत लोट, धिशती, तुना, शाला और चच्योट समेत अनेक पंचायतों के ग्रामीण, बच्चे और महिलाएं सरकारी बस पर आश्रित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार के इस निर्णय से लोगों में भारी आक्रोश है।
मंडल अध्यक्ष हुकम ठाकुर ने कहा कि यह बस सेवा स्कूल और काॅलेज जाने वाले बच्चों के लिए एकमात्र सार्वजनिक परिवहन साधन है। इसके अतिरिक्त इस रूट पर अन्य बस सेवा उपलब्ध न होने से जनता को बाजार, अस्पताल और सरकारी कार्यालयों में पहुंचने के लिए असुविधा होगी। उन्होंने कहा कि इस बस से डाक का आदान प्रदान भी होता है। विधायक विनोद ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि जल्द उनकी समस्या को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाकर बस को यथावत रखने का पूरा प्रयास किया जाएगा। संवाद