मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित नगर खेल कुंभ में खेली जा रही फुटबॉल प्रतियोेगिता में दमखम दिखाते
मंडी। खेल कुंभ में आयोजित फुटबाल स्पर्धा के खिताब के लिए राइजिंग स्टार ब्लू और राइजिंग स्टार टीम आमने सामने होंगी। सेमीफाइनल में राइजिंग स्टार ब्लू ने मंडी एफसी को 1-0 से हराया।
दूसरे सेमीफाइनल में राइजिंग स्टार ने एफसी कुल्लू को 3-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इससे पहले विभिन्न मुकाबले खेले गए। कबड्डी का फाइनल मुकाबला राजपुरा नालागढ़ और वीजीसी मंडी के बीच खेला जाएगा।
वीरवार को पुरुष हॉकी के क्वार्टर फाइनल में पड्डल स्पोर्ट्स क्लब ने बिलासपुर को 2-0 से हराया। दूसरे मुकाबले में एवेंजर हॉकी क्लब मंडी ने हमीरपुर को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। तीसरे मुकाबले में स्पोर्ट्स हॉस्टल सुंदरनगर ने स्पोर्ट्स हॉस्टल ऊना को हराया।
हॉकी ऊना ने मंडी को पराजित कर जीत हासिल की। एजी क्लब शिमला ने बीएसएसएस कुल्लू को पराजित किया। महिला हॉकी में पड्डल स्पोर्ट्स क्लब मंडी ने हॉकी मंडी को 1-0 से और दूसरे मुकाबले में वीजीसी मंडी ने सुंदरनगर को 3-1 से पराजित किया। इसके अलावा प्रतियोगिता में फुटबाल के भी रोमांचक मुकाबले खेले गए।
महिला वर्ग फुटबाल में देव भूमि कुल्लू ने डीएफए मंडी को 1- 0 से हराया। खेलो भारत अभियान एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से पड्डल मैदान में तीन दिवसीय खेल कुंभ में वीरवार को प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।
वीरवार को समाजसेवी निर्मल सिंह बतौर मुख्यातिथि शरीक हुए। विशिष्ट अतिथि जानवी चौहान और कारोबारी भगवंत सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यार्थी परिषद के राकेश वालिया ने की।