मंडी कॉलेज में एबीवीपी की ओर से आयोजित नगर खेल कुंभ में कबड्डी के मैच में दमखम दिखाते खिलाड़ी
मंडी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से कॉलेज परिसर मंडी में खेलो भारत के तहत तीन दिवसीय नगर खेल कुंभ का समापन शुक्रवार को हुआ। नगर खेल कुंभ के समापन समारोह में मुख्य अतिथि प्रदीप शेखावत, विशिष्ट अतिथि नरेंद्र गुलेरिया और हरीश वैद्य विशेष रूप से समारोह में शामिल हुए।
नगर खेल कुंभ में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। हॉकी प्रतियोगिता महिला एवं पुरुष वर्ग, कबड्डी प्रतियोगिता, वॉलीबाल प्रतियोगिता पुरुष वर्ग के साथ वुशू एवं ग्रेपलिंग प्रतियोगिताएं करवाई गईं। कबड्डी प्रतियोगिता के महिला वर्ग में वीजीसी मंडी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जोगिंद्रनगर की टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम वीजीसी मंडी को 4100 रुपये नकद राशि एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम जोगिंद्रनगर को 3100 रुपये नकद राशि एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
कबड्डी प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला पंडोह एवं स्पोर्ट्स क्लब बनियाल के मध्य हुआ। इसमें पंडोह की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। विजेता टीम पंडोह को 7100 रुपये जबकि उपविजेता टीम स्पोर्ट्स क्लब बनियाल को 5100 रुपये नकद राशि एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। वॉलीबाल प्रतियोगिता पुरुष वर्ग में सरोआ की टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए 3-2 से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया। मसेरी की टीम उपविजेता रही।
हॉकी प्रतियोगिता में महिला वर्ग में वीजीसी मंडी की टीम और हॉकी क्लब की टीम के बीच फाइनल खेला गया। इसमें वीजीसी मंडी की टीम विजेता रही। पुरुष वर्ग में वीजीसी टाइगर्स और ऊना के बीच मुकाबला हुआ। इसमें वीजीसी टाइगर्स की टीम विजेता रही। पुरुष वर्ग में विजेता टीम को 21,000 रुपये व उपविजेता टीम को 11,000 रुपये नकद राशि एवं ट्रॉफी भेंट की गई। वुशू एवं ग्रेपलिंग प्रतियोगिता में विजेता एवं उपविजेता रहे सभी खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
000