मंडी। जिला मुख्यालय मंडी में मंगलवार और बुधवार की रात को पुलिस और राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने दो अलग-अलग में कुल 162 पेटी अवैध शराब और बीयर बरामद की। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामले में मंगलवार रात को मंडी पुलिस ने शहर में गश्त के दौरान खलियार शनि देव मंदिर के पास एक संदिग्ध वाहन देखा। पुलिस ने वाहन को रुकवाकर चालक से पूछताछ की और दस्तावेज मांगे। जांच के दौरान गाड़ी से शराब की 75 पेटियां बरामद हुई। इसमें विभिन्न ब्रांड की शराब और बीयर शामिल थी।
पुलिस ने पिकअप जीप चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और शराब की आपूर्ति के संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है। वहीं, दूसरे मामले में बुधवार रात को राज्य कर एवं आबकारी विभाग की टीम ने पुलघराट के पास एक गाड़ी की तलाशी ली। इस गाड़ी से 87 पेटी शराब और बीयर बरामद की गई। इसमें 70 पेटी देसी शराब, 14 पेटी अंग्रेजी शराब और 3 पेटी बीयर शामिल थीं।
प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि यह अवैध शराब बिलासपुर से पंडोह की ओर ले जाई जा रही थी। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस मामले को पुलिस को सौंप दिया गया है और विभाग का अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।
राज्य कर एवं आबकारी विभाग के उपायुक्त मनोज डोगरा ने कहा कि विभाग ने शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एक व्यापक अभियान चलाया है और इस अभियान के तहत अवैध शराब के खिलाफ कठोर कदम उठाए जा रहे हैं। उधर, एएसपी सागर चंद्र ने बताया कि दोनों मामलों की जांच पूरी तरह से की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग और आबकारी विभाग मिलकर अवैध शराब के कारोबार को समाप्त करने के लिए काम कर रहे हैं और इस दिशा में सख्त कदम उठाए जाएंगे।