किरतपुर-मनाली फोरलेन पर पंडोह डैम से कुछ ही दूरी पर जोगनी मोड़ के पास बीती रात करीब 3:00 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सेब से लदी एक गाड़ी अनियंत्रित होकर नेशनल हाईवे से लगभग 100 मीटर नीचे ब्यास नदी में गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद गाड़ी का कुछ ही हिस्सा नदी के बाहर दिखाई दे रहा है जबकि अधिकांश भाग पानी में डूब चुका है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गाड़ी में चालक के अलावा और कितने लोग सवार थे।
विज्ञापन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। ब्यास नदी के किनारे तक नीचे जाने का कोई रास्ता नहीं है। ऐसे में टीम को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। फिलहाल स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर डटी हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। हादसे की पुष्टि करते हुए पंडोह पुलिस चौकी के प्रभारी अनील कटोच ने बताया कि तेज बारिश के कारण ट्रैफिक रोक दिया गया था। सुबह बारिश रुकने के बाद टीम मौके पर पहुंची। हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।