बालीचौकी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त वाहन।स्त्रोत- जागरूक पाठक
गंभीर घायल को प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर किया रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
बालीचौकी (मंडी)। बालीचौकी-बंजार मार्ग पर सीहड़ा के समीप दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक वैन अनियंत्रित होकर करीब 500 फीट गहरी खाई में गिरते हुए तीर्थन नदी में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब नौ बजे सीहड़ा निवासी रमेश कुमार वैन से घर जा रहे थे। सीहड़ा के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे वैन सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दोनों घायलों को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने सीहड़ा निवासी दीप कुमार पुत्र भीम सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल सुरेश कुमार पुत्र बेली राम को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि हादसे की जांच जारी है।