सुंदरनगर (मंडी)। शहर के नया बाजार में बुजुर्ग दंपती को गन प्वाइंट पर लूटने के आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर दो जून को सुंदरनगर लाया जाएगा। उत्तर प्रदेश की पुलिस आरोपियों को सुंदरनगर कोर्ट में पेश करेगी।
सुंदरनगर पुलिस ने सोमवार को कोर्ट में अर्जी दायर कर आरोपियों को यूपी से लाने की इजाजत मांगी थी। मंगलवार को कोर्ट ने पुलिस की दलीलें सुनने के बाद यूपी पुलिस को आरोपियों को दो जून को सुंदरनगर कोर्ट में पेश करने के आदेश जारी कर दिए हैं। अब सुंदरनगर पुलिस को आरोपियों को लाने के लिए उत्तर प्रदेश नहीं जाना पड़ेगा। संवाद
......
दोस्त को चाकू मारकर जख्मी करने वाला आरोपी दबोचा
पंडोह (मंडी)। क्षेत्र के तीन पीपल के पास पत्नी के साथ मेहमान बनकर आए दोस्त पर चाकू से हमला कर जख्मी करने के आरोपी को पुलिस ने सोमवार देर रात सुंदरनगर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पंडोह में वारदात को अंजाम देने के बाद से भाग गया था। पुलिस ने किसी तरफ उसकी लोकेशन पता की और देर रात सुंदरनगर से दबोच लिया। आरोपी किशोर कुमार सुंदरनगर के कलोहड़ का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी से वारदात में इस्तेमाल किया चाकू भी बरामद कर लिया है। मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। घटना का कारण नशा और लेनदेन बताया जा रहा है। उधर, नेरचौक के मेरामसीत निवासी जतिन (26) की पीजीआई चंडीगढ़ में हालत नाजुक है। पुलिस चौकी प्रभारी पंडोह अनिल कटोच ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपी को पकड़ लिया है। उससे चाकू भी बरामद हुआ है। कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।