सुंदरनगर पुलिस द्वारा दो किलो चरस संग धरे गये दामाद व सास डीएसपी संजीव भाटिया व पुलिस दल के साथ।
- फोटो : अमर उजाला
सुंदरनगर (मंडी)। चरस और अफीम का कारोबार करने वालों की धरपकड़ में सुंदरनगर और बीएसएल थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। सुंदरनगर पुलिस ने रविवार तड़के नाके के दौरान सास और दामाद के पास से दो किलोग्राम चरस बरामद की है। वहीं, बीएसएल थाना पुलिस ने दो युवकों से 191 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सुंदरनगर थाना पुलिस ने चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर पुंघ में मुख्य आरक्षी टेक चंद के नेतृत्व में सुबह 5 बजे नाका लगा रखा था। इस दौरान करीब पौने छह बजे मंडी की ओर से आ रही फोर्ड आइकॉन कार (एचपी33बी/5500) को पुलिस ने जांच के लिए रोका। कार की तलाशी के दौरान पुलिस ने उसमें रखे बैग से दो किलो चरस बरामद की। पुलिस ने कार में सवार चालक विनोद कुमार और महिला बिमला देवी को हिरासत में ले लिया है। दोनों पधर के रहने वाले हैं और रिश्ते में दामाद व सास है। पुलिस ने मुताबिक पूछताछ में इनके खिलाफ पहले भी मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज होने की बात सामने आ रही है।
दूसरे मामले में सुंदरनगर के बीएसएल थाना पुलिस ने शनिवार रात हाइवे पर नरेश चौक में थाना प्रभारी रामकृष्ण के नेतृत्व में नाका लगा रखा था। इस दौरान रात करीब तीन बजे मंडी से सुंदरनगर की ओर आ रही एक आल्टो कार को पुलिस ने जांच के लिए रोका। कार की तलाशी के दौरान पुलिस ने उसमें से 191 ग्राम अफीम बरामद की। जिस पर पुलिस ने कार में सवार पधर निवासी विनोद कुमार और ललित कुमार को हिरासत में ले लिया। कार में सवार एक अन्य व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठा कर मौके से फरार हो गया। जिसकी धरपकड़ को पुलिस ने अभियान छेड़ दिया है। डीएसपी संजीव भाटिया ने मादक पदार्थों की खेप पकड़ने के लिए पुलिस कर्मचारियों की सक्रियता की सराहना की है। उन्होंने बताया पुलिस ने दोनों मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों वाहनों को भी कब्जे में ले लिया है।