नेरचौक/सुंदरनगर (मंडी)। एनएच 21 दिल्ली-मनाली पर कुल्लू से चंडीगढ़ की तरफ जा रही एक गाड़ी से कुल्लू निवासी से दो किलोग्राम से अधिक चरस बरामद की गई है। पुलिस ने गाड़ी समेत चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस आरोपी व्यक्ति को शुक्रवार को अदालत में पेश करेगी। बरामद की गई चरस की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
पुलिस के अनुसार बल्ह थाना पुलिस ने एनएच 21 दिल्ली-मनाली पर लुणापानी के समीप शुक्रवार को पौने चार बजे नाका लगा रखा था। इसी दौरान कुल्लू की ओर से चंडीगढ़ जा रही एक गाड़ी को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। लेकिन, चालक ने बैरियर के बीच में गाड़ी को निकालने का प्रयास किया। इससे पहले ही चालक गाड़ी को निकाल पाता पुलिस के जवानों ने तुरंत गाड़ी के चालक को दबोच लिया।
बल्ह थाना के प्रभारी संजीव सूद ने कहा कि आरोपी की पहचान सुखी राम पुत्र पीरू राम बंजार कुल्लू के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि आरोपी ने चरस को गाड़ी की सीट के नीचे कपड़ों और पोलीथिन के लिफाफे के बीच छुपा कर रखा था। पुलिस ने आरोपी को गाड़ी समेत हिरासत में ले लिया है। आरोपी से दो किलो 120 ग्राम चरस बरामद की गई है। उधर, बीएसएल थाना पुलिस ने सुंदनगर के सुखदेव वाटिका में गश्त के दौरान आरोपी संजीव कुमार पुत्र तरसेम लाल निवासी नौउली कुल्लू से 71 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी मंडी प्रेम कुमार ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।