लगातार हो रही बारिश से वनमंडल के 30 हजार लीटर क्षमता के दो सौ से अधिक जल सरोवर लबालब
जंगलों में नमी आने से आग की संभावित घटनाओं पर खतरा टला
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। वन मंडल जोगिंद्रनगर में जंगलों में आग की घटनाओं पर रोक के लिए बनाए गए जल सरोवर अब प्रभावी साबित हो रहे हैं। मई की बारिश से करीब 200 से अधिक जल सरोवर पानी से भर गए हैं, जिससे जंगलों में नमी बढ़ी है और आग की घटनाओं में कमी आई है। करीब 26 हजार हेक्टेयर क्षेत्र वाले इस वन मंडल की 56 में से 45 फॉरेस्ट बीट अति संवेदनशील हैं। आग से बचाव के लिए रेंज स्तर पर टीमें गठित की गई हैं। एसीएफ राजेश कुमार के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में करीब 300 बड़ी आग की घटनाओं में लगभग 1200 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है। 2017 में 38 घटनाएं, 2018 में 87, 2019 में 84, 2020 में 4 और पिछले वर्ष 40 से अधिक घटनाएं दर्ज की गईं। इस वर्ष अप्रैल में ही 5 घटनाओं में 20 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ।
डीएफओ राजेश शर्मा ने कहा कि जल सरोवरों में पानी भरने से आग पर नियंत्रण पाना आसान होगा और जंगलों की सुरक्षा केवल वन विभाग ही नहीं, सभी की जिम्मेदारी है।