मंडी के छोटा पड्डल मैदान में आयोजित ऑल ओपन फुटसल चैंपियनशिप में दमखम दिखाते खिलाड़ी। संवाद
मंडी। ट्राईअंफ एफसी हिमाचल की ओर से मंडी में पहली बार करवाई जा रही ऑल ओपन फुटसल चैंपियनशिप का रविवार को शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने किया। ट्राईअंफ एफसी के प्रधान सुशांत शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला ट्राईअंफ यूथ क्लब मंडी और केंद्रीय विद्यालय मंडी एफसी के बीच हुआ। रोमांचक मुकाबले में ट्राईअंफ यूथ क्लब मंडी ने 11-9 से जीत दर्ज की। दूसरे मैच में सुंदरनगर एफसी बी ने एसटीसी एफसी ए को 18-5 से हराया।
तीसरे मुकाबले में ऑल स्टारज एफसी और तक्षशिला एफसी के बीच मैच 2-2 से बराबरी पर रहा। पेनल्टी शूटआउट में ऑल स्टारज एफसी ने 5-4 से जीत हासिल की। चौथे मैच में सुंदरनगर एफसी ए ने बल्ह एफसी को 6-2 से पराजित किया। पांचवें मुकाबले में ट्राईअंफ यूथ क्लब मंडी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल स्टारज एफसी को 16-2 से हराया। संवाद