मंडी जिला के जोगिंद्रनगर, सुंदरनगर और गोहर स्थित कृषि फार्मों में पहुंची धान की पनीरी
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। मंडी जिला के कृषि फार्मों में गेहूं के बीज की बंपर फसल तैयार होने के बाद अब धान की रोपाई जून माह में शुरू होगी। इसके लिए कृषि फार्मों में पनीरी पहुंच चुकी है। जोगिंद्रनगर के 4.76 हेक्टेयर भूमि पर धान की बीजाई के अलावा कोदरा और सोयाबीन की फसल भी तैयार होगी। इसके लिए कृषि फार्मो में इन दिनों भूमि सुधार का कार्य शुरू भी हो चुका है। जिला के जोगिंद्रनगर, सुंदरनगर और गोहर स्थित कृषि विभाग के तीनों फार्मों में एक साथ धान की रोपाई का कार्य जून माह के आखिरी में शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। करीब 20 हैक्टेयर भूमि पर उपरोक्त तीनों फसलों को तैयार करने को लेकर कृषि विभाग ने तमाम तैयारियां पूरी कर ली है। मंडी जिला के जोगेंद्रनगर स्थित कृषि फार्म की बात करें तो यहां पर हर साल गेंहू का बीज 65 से 70 क्विंटल तैयार होता है। इस साल भी बंपर फसल तैयार हो चुकी है। ग्रेडिंग के लिए बीज धनोटू स्थित केंद्र में भेजा जाएगा। इसके बाद इसे किसानों को उपलब्ध करवाया जाएगा। वहीं धान के बीज की बात करें तो यह फसल भी अक्तूबर नंवबर माह में तैयार हो जाती है और मई माह में इसे किसानों को उपलब्ध करवाया जाता है। इसके अलावा कोदरा और सोयाबीन की फसल को लेकर भी कृषि विभाग ने चिन्हित भूमि को सुधारने का कार्य पूरा कर लिया है। मंगलवार को जोगेंद्रनगर कृषि फार्म के प्रभारी गहणू राम ने बताया कि गेंहू के बीज की बंपर पैदावार के बाद अब कृषि विभाग के फार्मों में धान के बीज की रोपाई की तैयारी के अलावा सोयाबीन और कोदरे के फसल को तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया है।
जून माह में आखिर में कृषि फार्मों में धान के बीज की रोपाई के अलावा कोदरे और सोयाबीन की फसल को तैयार करने का कार्य भी शुरू होगा। कृषि फार्मों में धान की पनीरी उपलब्ध करवा दी गई है और बारिश होने के बाद इस कार्य को शुरू कर दिया जाएगा।
सोमन, कृषि प्रसार अधिकारी विकास खंड द्रंग