ब्यास नदी के ऊपर बना ऐतिहासिक विक्टोरिया पुल की जर्जर हालत को देखते हुए मरम्मत कार्य किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने पांच से 25 फरवरी तक विक्टोरिया पुल पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई है। मंडी शहर आने वाले अधिकतर छोटे वाहन इसी पुल से होकर समखेत्तर, मोदी बाजार और चौहाटा बाजार की ओर आते हैं। साथ ही खलियार और पुरानी मंडी तरफ जाने वाले लोग भी इस पुल से जाते हैं।
करीब 138 साल पुराने विक्टोरिया पुल की हालत जर्जर हो चुकी है। कुछ समय पहले पुल के गुंबद से लकड़ी गिरने से एक बाइक सवार बाल-बाल बच गया। मंडी बचाओ संघर्ष मोरचा के अध्यक्ष लक्ष्मेंद्र सिंह गुलेरिया ने विक्टोरिया पुल की जर्जर हालत के मुद्दे को जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार के समक्ष उठाया था। जिसका संज्ञान लेकर जिला प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग के मैकेनिकल विंग से पुल की फिटनेस को लेकर जांच करवाई थी।
विभागीय रिपोर्ट के बाद विभाग ने पुल पर बड़े वाहनों की आवाजाही को रोकने के लिए वैरिकेट लगाए। विक्टोरिया पुल को हालत को देखते हुए अब लोक निर्माण विभाग द्वारा मरम्मत कार्य किया जाएगा। ताकि किसी प्रकार को कोई हादसा न हो।
जिला दंडाधिकारी संदीप कदम ने अधिसूचना जारी कर ब्यास नदी पर निर्मित विक्टोरिया पुल से वाहनों के आने जाने पर 5 से 25 फरवरी तक 21 दिनों के लिए रोक लगाई है। उन्होंने कहा कि वाहनों की शहर की ओर आवाजाही पुरानी मंडी से भ्यूली होकर की गई है।
पुल पर यातायात बंद होने से 21 दिनों तक चौहाटा बाजार से खलियार की ओर जाने वाले वाहनों को भ्युली पुल से होकर जाना पड़ेगा। जिसमें करीब तीन से चार किलोमीटर का अतिरिक्त सफर होगा। वहीं खलियार और जोगिंद्रनगर की ओर से आने वाले वाहनों को भी पुरानी मंडी से भ्युली पुल, बस स्टैंड होते हुए चौहाटा बाजार आएंगे।