जोगिंद्रनगर-मंडी हाईवे पर चारों तरफ से गुजरते वाहन। संवाद
जोगिंद्रनगर (मंडी)। दीपावली के त्योहार पर जोगिंद्रनगर में यातायात पुलिस की योजनाएं धराशायी हो गईं। त्योहारी सीजन में शहर में अचानक बढ़ी वाहनों की आवाजाही के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा रही है कि आपातकालीन वाहनों को भी रेंगते हुए गुजरना पड़ रहा है।
सोमवार को दूरदराज से खरीदारी के लिए आए लोगों ने वाहनों ने मुख्य सड़कों पर अव्यवस्थित तरीके से पार्क कर दिया। इससे शहर में जाम की समस्या उत्पन्न हो गई। बस अड्डे से रेलवे फाटक तक सड़क किनारे की आइडल पार्किंग के चलते हाईवे पर भी जाम लग गया। रामलीला मैदान में निर्धारित पार्किंग क्षेत्र की क्षमता फुल होने के बाद ग्राहकों के लिए कोई अतिरिक्त पार्किंग व्यवस्था नहीं थी। इससे वाहन चालकों और शहर में आए राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। वन वे मार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही ने स्थिति को और भी खराब कर दिया।
उपायुक्त मंडी के आदेशानुसार जोगिंद्रनगर शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहनों की पार्किंग भर जाने से दोपहिया वाहन चालकों को जगह नहीं मिली, जिसके कारण यातायात पुलिस का प्रबंधन भी विफल हो गया। लोगों ने सड़कों के दोनों ओर अव्यवस्थित पार्किंग कर दी, जिससे जाम की समस्या बढ़ गई। दुकानदारों ने भी सड़क किनारे दुकानदारी सजाकर यातायात को प्रभावित किया।
सोमवार देर शाम को जोगिंद्रनगर सरकाघाट मार्ग और मंडी-पठानकोट हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे एंबुलेंस भी फंस गईं। डीएसपी पधर देवराज ने बताया कि यातायात पुलिस के जवान हाईवे पर यातायात को व्यवस्थित करने के लिए तत्पर हैं। सड़क के दोनों ओर अव्यवस्थित पार्किंग और दुकानदारों की लापरवाही से जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। पुलिस अब लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्णय लेगी, ताकि इस समस्या का समाधान किया जा सके।