कोटली के अंतर्गत ग्राम पंचायत लागधार में गावर कंपनी ब्लास्ट के बाद गिरे मलबे से सड़क बंद। संवाद
कंपनी ने चट्टानें तोड़ने के लिए किया जोरदार ब्लास्ट, मलबा सड़क पर गिरा
कर्मचारी और बीमार लोगों को करना पड़ा परेशानियों का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटली (मंडी)। कोटली के अंतर्गत ग्राम पंचायत लागधार में नेशनल हाईवे 003 पर काम कर रही कंपनी ने वीरवार सुबह 6 बजे के करीब चट्टानें तोड़ने के लिए जोरदार ब्लास्ट किया। इससे 3 घंटे तक यातायात पूरी तरह बंद ठप रहा। कार्यालय जा रहे कर्मचारी बसों और मरीज गाड़ियों में रास्ता खुलने का इंतजार करते रहे। अपने गंतव्य स्थान के लिए जा रहे सभी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
लागधार निवासी पंडित भवानी दत्त का कहना है कि सुबह 6 बजे के करीब कंपनी ने जोरदार ब्लास्ट किया, जिसकी वजह से रोड पूरी तरह बंद हो गया। कार्यालय जाने वाले कर्मचारी को भी देर हो गई। कड़कोह निवासी कालूराम ने कहा कि इस रोड में कंपनी गलत तरीके से काम कर रही हैं। लोगों को दूरदराज क्षेत्रों में ड्यूटी के लिए भी जाना होता है, उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है और कंपनी को थोड़े-थोड़े क्षेत्र में कटाई करते हुए यह कार्य करना चाहिए ताकि ज्यादा समय तक यातायात बाधित न हो सके।
स्थानीय निवासी दूनी चंद का कहना है कि इस रास्ते के निर्माण को काफी समय हो गया है। कंपनी को अगर ब्लास्टिंग के माध्यम से काम करना ही है तो उन्हें रात को 6 बजे के बाद और सुबह 4 बजे से पहले पहले यह काम कर लेना चाहिए था। वहीं, कंपनी के डीपीएम सुनील तोमर का कहना है कि सोचा नहीं था कि ब्लास्टिंग के बाद इतना ज्यादा मलबा सड़क के ऊपर आ जाएगा, जिसकी वजह से आम लोगों को परेशानी हुई है। इसके लिए क्षमा प्रार्थी है और कोशिश करेंगे कि आगे से ऐसी गलती नहीं होगी।
एसडीएम जगदीश चंद्र ने कहा कि यह कंपनी की बहुत बड़ी लापरवाही है। मंडी में कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक है और इस बारे में संज्ञान अवश्य लेंगे। कंपनी के ऊपर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।