एनसीसी एयर और आर्मी विंग के कैडेट्स का भारतीय सेना में चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी के एनसीसी एयर विंग और आर्मी विंग के कुल 29 कैडेट्स का भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयन हुआ है। एक ही सत्र में इतनी बड़ी संख्या में कैडेट्स के चयन के साथ महाविद्यालय ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। एनसीसी एयर विंग मंडी के फ्लाइट कमांडर एवं एनसीसी अधिकारी फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन ने बताया कि एयर विंग के 11 कैडेट्स अग्निवीर के रूप में चयनित हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कैडेट्स के अनुशासन, कठोर प्रशिक्षण और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। चयनित कैडेट्स में लीडिंग फ्लाइंग कैडेट सुनील, आशीष, नागेश्वर, अभिषेक और देवांश सहित अन्य कैडेट शामिल हैं। वहीं, एनसीसी आर्मी विंग के कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि आर्मी विंग के 18 कैडेट्स ने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में सफलता प्राप्त की है। चयनित कैडेट्स में अंशुल कुमार, रोहन, जितेन, विजय कुमार, प्रशांत, साहिल, सुजल, प्रवीण, हेमराज, राहुल, वेद प्रकाश, प्राकुल, अरमान, पार्थिक, दीपक, सोनू और मनीष राणा सहित अन्य कैडेट शामिल हैं। प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार ने इस उपलब्धि को पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व और सम्मान का क्षण बताया।