चौंतड़ा (मंडी)। जोगिंद्रनगर-सरकाघाट सड़क पर अतिक्रमण हटते ही वाहन चालकों और आपातकालीन वाहनों को भी जाम से राहत मिल गई। परिवहन निगम की बसाें की आवाजाही सुगम होने पर यात्रियों को भी राहत मिली है। पुलिस ने यातायात प्लान में किए गए बदलाव से पैदल चलने वालों को राहत मिली है।
स्टेट हाईवे पर अतिक्रमण से रोज जाम की समस्या पेश आ रही थी। कारोबारियों की ओर से सड़क पर सामान सजाने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। राहगीरों का भी सड़क पर चलना मुश्किल हो रहा था। बीते दो सप्ताह से स्थानीय पुलिस ने अतिक्रमण रोकने के लिए लगाए गए बैरीकेड से अब स्टेट हाईवे में यातायात व्यवस्थित हो गया है।
मंडी-पठानकोट हाईवे में लक्ष्मी बाजार और मुख्य बाजार में भी कारोबारियाें की ओर से यातायात व्यवस्थित करने के लिए पुलिस को दिए जा रहे सहयोग से जाम की समस्या काफी हद तक सुलझी है। व्यापार मंडल अध्यक्ष भास्कर गुप्ता ने बताया कि कारोबारियों की ओर से सड़क पर अपनी दुकानदारी सजा देने से भी पैदल गुजरने वालों को समस्या झेलनी पड़ रही थी।
संबंधित कारोबारियों से सहयोग की अपील की तो मुख्य बाजारों की सड़कों पर भी अतिक्रमण हट गया। थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने कहा कि यातायात व्यवस्थित करने के लिए पुलिस के नए प्लान से अब जाम से राहत मिली है। संवाद