मंडी। हिमाचल में पर्यटन की दृष्टि से एयर कनेक्टिविटी को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी मकसद से वीरवार को मंडी-धर्मशाला, कुल्लू-मंडी, मंडी-शिमला और शिमला-रामपुर के लिए पवन हंस उड़ानें शुरू होंगी। मंडी और रामपुर को पहली बार जोड़ा गया है।
मंडी में कांगणी में वीरवार सुबह करीब साढ़े दस बजे पहली बार सवारियां लेकर हेली टैक्सी लैंड करेगी। इस सेवा के शुरू होने से पर्यटन को बल मिलेगा। देश-विदेश के सैलानियों को सर्पीले रास्तों से निजात मिलेगी। चंडीगढ़ से शिमला, धर्मशाला, कुल्लू-मनाली और मंडी का हवाई सफर चंद मिनटों में तय होगा।
बता दें कि कांगणी में ही शिवधाम का भी निर्माण किया जा रहा है। भविष्य में हिमाचल में धार्मिक पर्यटन के लिए मील का पत्थर साबित होने वाले शिवधाम के हेली टैक्सी से जुड़ने से पर्यटन विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। इस समय प्रदेश के कई जिलों में हेलीपोर्ट बनाए गए हैं।
अकेले मंडी जिला में ही मंडी के कांगणीधार और सराज में दो हेलीपोर्ट बनाए गए हैं। शिमला के अनाडेल और संजौली में भी हेलीपोर्ट बनाए गए हैं। उपनिदेशक टूरिज्म एसके पराशर ने बताया कि हेली टैक्सी सेवा के लिए पवन हंस दस सीटर हेलिकाप्टर चलाएगी।