मानसून से निपटने की तैयारी, सराज प्रशासन अलर्ट
दूरस्थ क्षेत्रों में खच्चरों से चार माह का राशन पहुंचाया
संवाद न्यूज एजेंसी
थुनाग (मंडी)। बरसात की पहली आहट होते ही सराज ब्लॉक का प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले साल की भारी आपदा से मिले सबक को ध्यान में रखते हुए इस बार खाद्य सुरक्षा को लेकर मजबूत तैयारी की गई है। सराज ब्लॉक में कुल 50 राशन डिपो हैं, जिनके माध्यम से 14,859 राशन कार्ड होल्डर लाभान्वित होते हैं। इनमें से 35 डिपुओं का राशन थुनाग गोदाम, 13 डिपुओं का करसोग गोदाम तथा दो डिपुओं का राशन बालीचौकी गोदाम से सप्लाई किया जाता है। इस बार प्रशासन ने लंबाथाच, थुनाग और शंकरदेहरा को छोड़कर शेष सभी डिपुओं में तीन माह का एडवांस राशन पहुंचा दिया है। पखरैर पंचायत के नरोट, जैंशला और खबलेच पंचायत के नारायण धार तथा शिल्ह डिपो जैसे सड़क सुविधा से वंचित दूरस्थ क्षेत्रों में खच्चरों के माध्यम से चार महीने का राशन पहुंचा दिया गया है। शेष डिपुओं में तीन-तीन माह का राशन स्टॉक कर दिया गया है।
प्रत्येक डिपो में आटा, चावल, चीनी, तीन प्रकार की दालें, नमक और खाद्य तेल की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध कराई गई है। पिछले साल केवल 19 डिपुओं में एडवांस राशन जारी किया गया था। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक विकास शर्मा ने बताया कि बरसात के दौरान सड़कें बाधित होने की स्थिति में राशन संकट न हो, इसलिए यह एडवांस व्यवस्था की गई है। सभी डिपो धारकों को राशन जल्द वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं।