किलिंग के नछेत में एक नया क्लस्टर विकसित करने का प्रस्ताव : जगत सिंह नेगी
कहा, बागवानों को प्रोत्साहित करने के लिए तीन वर्षों में खर्च किए 190.67 लाख
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने वीरवार को गोहर उपमंडल के बाढू में लगभग 1.54 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने उद्यान विस्तार केंद्र बाढू में करीब 52 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित उद्यान प्रसार अधिकारी कार्यालय-सह-आवासीय भवन, फल संतति एवं प्रदर्शनी बाग मधान में 66 लाख रुपये की लागत से निर्मित उद्यान प्रसार अधिकारी कार्यालय-सह-आवासीय भवनों तथा लगभग 36 लाख रुपये की लागत से बने पौध स्वास्थ्य केंद्र सुंदरनगर का उद्घाटन किया।
बाढू में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए बागवानी मंत्री ने कहा कि बागवानों को प्रोत्साहित करने और बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत पिछले तीन वर्षों में करीब 190.67 लाख रुपये की अनुदान राशि खर्च की गई है। इससे गोहर ब्लॉक के 497 बागवान लाभान्वित हुए हैं। सरकार के प्रोत्साहन और किसानों की मेहनत से क्षेत्र में फल उत्पादन लगभग चार हजार मीट्रिक टन तक पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष परियोजना के तहत नौ प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें पांच प्रस्ताव ब्लूबेरी और चार प्रस्ताव प्लम एवं जापानी फल से संबंधित हैं। ग्राम पंचायत किलिंग के नछेत में एक नया क्लस्टर विकसित करने का प्रस्ताव भी है।
नेगी ने बताया कि गोहर ब्लॉक में एचपी शिवा परियोजना के तहत लगभग 24.2 हेक्टेयर क्षेत्र में प्लम एवं जापानी फल के चार क्लस्टर विकसित किए गए हैं। इनमें मंझोग धनियुत, बागा चलौग, मंझागन चूड़ारा और लटोगली शामिल हैं। इन क्लस्टरों के माध्यम से कुल 146 लाभार्थियों को लाभ मिला है।
इस अवसर पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम के चेयरमैन लाल सिंह कौशल, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रधान दीप शर्मा, वरिष्ठ उपप्रधान दलीप कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।