वन मंडल जोगिंद्रनगर में दहकते जंगल संवाद
मई और जून माह में जंगल की आग से चार सौ हेक्टेयर क्षेत्र में वन जले
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। वन मंडल जोगिंद्रनगर में लगातार आग से दहक रहे जंगलों में अब तक तीस हजार पौधे जलकर राख हो गए हैं। चीड़ के जंगलों में बिरोजे के दो हजार से अधिक पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा है। धर्मपुर, लडभड़ोल, जोगिंद्रनगर और कमलाह में लगातार भड़क रही जंगल की आग से हरियाली भी राख हो गई है। वन मंडल में आग से लाखों का नुकसान हुआ है।
वन मंडलाधिकारी कमल भारती के अनुसार मई और जून माह में जंगल की आग से अभी तक चार सौ हेक्टेयर वन संपदा जलकर राख हुई है। वन मंडल जोगिंद्रनगर के एसीएफ अश्वनी कुमार ने बताया कि जाइका प्रोजेक्ट के करीब 70 समूह के आठ सौ लाभार्थी और वन विभाग के दो सौ से अधिक अधिकारी, कर्मचारी फायर वाचरों के साथ मिलकर जंगल की आग को काबू पाने में 24 घंटे जुटे हैं । बावजूद इसके जंगल की आग थमने का नाम नहीं ले रही है। इधर, वन मंडल जोगिंद्रनगर में आग की घटनाओं को अंजाम देने वाले शरारती तत्वों पर वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए अब तक 41 आपराधिक मामले फोरेस्ट एक्ट के तहत दर्ज करवाए हैं, लेकिन किसी भी शरारती तत्व के गिरफ्त में आने की आधिकारिक पुष्टि वन विभाग ने नहीं की है।