मंडी। शहरी निकायों के चुनाव को लेकर सरगर्मियां शुरू हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी की गई अधिसूचना के तहत जिले में शहरी निकायों के परिसीमन से संबंधित कार्यक्रम अधिसूचित कर दिया गया है।
नगर निगम मंडी, नगर परिषद सुंदरनगर, नेरचौक, सरकाघाट तथा जोगिंद्रनगर, नगर पंचायत करसोग, रिवालसर, धर्मपुर, संधोल और बलद्वाड़ा के वार्डों के परिसीमन का प्रारूप प्रस्ताव प्रकाशित कर दिया है। यह प्रारूप प्रस्ताव संबंधित शहरी निकायों के कार्यालयों में लोगों के निरीक्षण के लिए सभी कार्य दिवसों में 9 जून तक उपलब्ध रहेगा। परिसीमन में मंडी नगर निगम के वार्डों के प्रारूप स्वरूप में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है।
संबंधित शहरी निकाय का स्थायी निवासी अपनी आपत्ति एवं सुझाव 9 जून तक दर्ज करवा सकेंगे। इन आपत्तियों और सुझावों का निपटारा 16 जून तक जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी आदेशों के प्रति अगले सात दिनों के अंदर मंडलायुक्त कार्यालय में अपील की जा सकती है, जिसका मंडलायुक्त की ओर से अपील दायर करने के पांच दिनों के भीतर निपटारा कर दिया जाएगा। पहली जुलाई तक वार्डों के परिसीमन का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। इसके बाद 11 जुलाई तक सीटों के आरक्षण का रोस्टर भी जारी कर दिया जाएगा जबकि 15 जुलाई तक आयोग की ओर से अंतिम आरक्षण आदेश जारी कर दिए जाएंगे।
....
निर्धारित समय अवधि में कोई आपत्ति अथवा अपील दर्ज नहीं की जाती है तो परिसीमन के अंतिम आदेश जारी कर दिए जाएंगे और वार्डों के आरक्षण एवं रोटेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद परिसीमन एवं वार्डों के आरक्षण को अंतिम रूप प्रदान कर दिया जाएगा।
-अपूर्व देवगन, उपायुक्त मंडी
............