खुराहल में फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, भनवाड़ में जांच में देरी से रोष
पुलिस चोरों की तलाश में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। भनवाड़ और खुराहल स्थित प्राचीन भराड़ी माता मंदिरों में हुई चोरी की वारदातों के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। खुराहल मंदिर में शनिवार को मंडी से पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। वहीं, भनवाड़ मंदिर में चोरी के दूसरे दिन तक पुलिस के जांच के लिए नहीं पहुंचने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
वीरवार रात हुई दोनों चोरी की घटनाओं से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। खुराहल स्थित भराड़ी माता मंदिर में चोर दरवाजों के कुंडे तोड़कर मंदिर में दाखिल हुए और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर भाग गए। दूसरी ओर, भनवाड़ के प्राचीन भराड़ी माता मंदिर से करीब 15 किलो वजनी पीतल की घंटी और दानपात्र चोरी कर लिया गया। जांच के दौरान सामने आया कि खुराहल मंदिर में सीसीटीवी कैमरे तो लगे हैं, लेकिन वारदात के समय खराब थे। इसके चलते पुलिस को चोरों की पहचान करने में शुरुआती दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फोरेंसिक टीम ने मंदिर परिसर से कई नमूने और संभावित साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिनकी जांच के बाद महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि खुराहल मंदिर में फोरेंसिक टीम भेजी गई है। दोनों मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं की जांच जारी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए चोरों की तलाश कर रही है।