बालीचौकी (मंडी)। सेब उत्पादक संघ बालीचौकी इकाई की बैठक रविवार को पंजाई में हुई। बैठक की अध्यक्षता इकाई प्रधान ओमचंद ने की। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। ओमचंद ने बताया कि इस बार आपदा में बागवानों की सेब की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है। बारिश होने से आधे से ज्यादा फसल बगीचों में ही बर्बाद हो गई। इस बार क्षेत्र में एक भी सेब कलेक्शन सेंटर न होने से बागवानों को नुकसान उठाना पड़ा है।
लोगों की जमीन और बगीचे तबाह हो गए हैं, दूसरी तरफ हिमाचल सरकार न्यायालय की आड़ में जमीन से लोगों की बेदखली कर रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार को मिलकर बेदखली के स्थान पर वन संरक्षण अधिनियम 1980 में संशोधन करते हुए लोगों को जमीन के नियमितीकरण की व्यवस्था करनी चाहिए।
आपदा के तीन माह बाद भी अभी तक पूरे क्षेत्र में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें नहीं चल रहीं। सेब उत्पादक संघ ने मांग की कि लोगों को बस सुविधा दी जाए और सड़कों की दशा को सुधारा जाए। क्षेत्र के लोगों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर 26 नवंबर को बालीचौकी में सेब उत्पादक संघ प्रदर्शन करेगा और एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। बैठक में यदुनंदन राय, प्रकाश चंद, लाल सिंह, प्रिंस ठाकुर, धर्मचंद, लाल सिंह, अमन आदि मौजूद रहे।